शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विवि इकाई ने कैंपस की मुख्य सड़क की दशा सुधारने और 1998 के बाद के पीजी छात्रों को श्रेणी सुधार के लिए विशेष मौका दिए जाने जैसी आम छात्रों की मांगों को लेकर बुधवार को वीसी और सीओई का घेराव किया। एबीवीपी इकाई अध्यक्ष विश्वबंधु शर्मा की अगुवाई में घेराव करने पहुंचे एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने मांग पत्र सौंपा और इन सभी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग उठाई। मांगें पूरी न किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। सचिव सुयश ने कहा कि एबीवीपी कैंपस की मुख्य सड़क ज्ञान पथ की बिगड़ी हालत को सुधारने की लगातार मांग करती रही है, लेकिन अब सड़क की दशा दयनीय बन गई है। इसे जलद दुरुस्त किया जाए। वहीं, गर्ल्स हास्टल की ओर जाने वाली सड़क की टारिंग भी जल्द करवाए जाने की मांग उठाई। परीक्षा नियंत्रक का घेराव करने पहुुंचे कार्यकर्ताओं ने वर्ष 1998 के बाद पीजी कोर्स करने वाले सभी छात्रों को श्रेणी सुधार के लिए विशेष मौका दिए जाने की मांग को पुरजोर ढंग से उठाया। कहा कि यूजी के छात्रों को ऐसे पांच मौके मिले हैं जबकि पीजी छात्रों को महज दो ही मौके दिए गए हैं। इसलिए पीजी छात्रों को एक और मौका दिया जाए। यदि ये मांगें पूरी न की गईं तो एबीवीपी आंदोलन उग्र करेगी।