कूड़ा न देने वाले लोगों का कटेगा बिजली-पानी
शिमला। नगर निगम के सैहब कर्मचारियों को कूड़ा न देने वाले भवन मालिकों पर कार्रवाई की तैयारी में है। नगर निगम इनके बिजली और पानी के कनेक्शन काटने जा रहा है। निगम आयुक्त पंकज राय ने सभी सुपरवाइजरों से इसका रिकॉर्ड भी मांग लिया है। वहीं, तीस परिवारों की पहली फाइल भी तैयार कर ली गई है जो निगम को कूड़ा न देकर जंगलों और नालों में कूड़ा फेंक रहे हैं। यदि कोई किराएदार सैहब कर्मचारियों को कूड़ा नहीं देता है तो उस भवन मालिक का बिजली और पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। निगम के पास खलीनी, चक्कर, पंथाघाटी, कनलोग और कैथू समेत कई इलाकों से शिकायतें मिल रही थीं कि कई लोग सैहबकर्मियों को कूड़ा नहीं दे रहे हैं। इनमें ज्यादातर प्रवासी और किराएदार हैं जो खुद ही सड़क किनारे या जंगल में कूड़ा फेंक रहे हैं। इससे वार्डाें में गंदगी फैल रही है। निगम आयुक्त पंकज राय का कहना है कि कूड़ा न देने वालों के बिजली और पानी के कनेक्शन काटे जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों की सूची भी तैयार करने को कहा गया है।