शिमला। प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान आईजीएमसी में डॉक्टरों समेत अस्पताल में तैनात सभी स्टाफ का टीकाकरण होगा। गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए प्रबंधन की ओर से टीकाकरण करने का निर्णय लिया गया है। अस्पताल में पहले चरण में आईसीयू, ओटी, एचडीयू, नीकू और पीकू में कार्यरत डॉक्टरों और स्टाफ को यह टीका लगाया जाएगा। आईजीएमसी के चिकित्सा उप अधीक्षक डॉ. राहुल रॉव ने यह जानकारी दी है। डॉक्टर ने बताया कि संक्रमित बीमारियों से बचाव के लिए यह टीकाकरण किया जा रहा है। अस्पताल को नेशनल हेल्थ मिशन के तहत बजट का प्रावधान किया जाएगा। इसमें से पांच सौ वाइल्स का स्टॉक अस्पताल में आने के बाद यह पूरी प्रक्रिया शुरू होगी। अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि पहले चरण के बाद दूसरे चरण में इमरजेंसी विभाग, मेडिसन, सर्जरी, स्किन सहित अन्य डॉक्टर और स्टाफ के अलावा चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों का भी टीकाकरण होगा। विभाग का दावा है कि गंभीर बीमारियों से फैलने वाले संक्रमण से बचाव को लेकर प्रबंधन की ओर से यह टीकाकरण करने का फैसला लिया गया है। इससे सभी लोग संक्रमित बीमारियों से बच पाएंगे। उधर, अस्पताल में करीब एक हजार से अधिक का स्टाफ है।