शिमला। धौला कुआं विद्युत अनुभाग में कनिष्ठ अभियंता से हुई मारपीट की घटना का शिमला अभियंता एवं अतिरिक्त सहायक अभियंता संघ ने कड़ा विरोध किया है। संघ ने वीरवार को बैठकर इस घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष ई राकेश कुमार ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि कनिष्ठ अभियंता लोगों के लिए दिनरात काम करता है। इस तरह की घटनाएं होंगी तो कर्मचारियों को काम करना मुश्किल हो जाएगा। इस मौके पर शिमला जोन के अध्यक्ष लाल सिंह, सदस्य बीएन शर्मा और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। संघ ने चेतावनी दी कि अगर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की तो धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा।