शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की शिमला महानगर इकाई ने शनिवार दोपहर करीब एक बजे उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इकाई ने केरल में वामपंथियों पर स्वयंसेवकों और संघ परिवार के कार्यकर्ताओं की निर्मम हत्या का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। नगर मंत्री संजीव शर्मा ने कहा कि केरल में पिछले कुछ सालों में स्वयंसेवकों की दर्जनों सियासी हत्याएं हो चुकी हैं। इस राज्य में लगातार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और संघ परिवार के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। मंत्री ने आरोप लगाया कि जब से केरल में माकपा की सरकार आई है, तब से राष्ट्रीय विचार से जुड़े निर्दोष लोगों और उनके परिवारों को सुनियोजित ढंग से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के इशारों पर सारी कार्रवाई की जा रही है। इकाई ने सरकार को हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए इस्तीफे की मांग की। नगर मंत्री ने बताया कि तिरुवनतपुरम में शनिवार को हुए विशाल प्रदर्शन में हिमाचल से भी कई कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। प्रदर्शन में इकाई कार्यकर्ता गौरव अत्री, पदमभूषण नेगी, विक्रांत, कमलेश, रोहित, विशाल, प्रीति, योगराज, कार्तिक, संजय, ललित आदि कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।