शिमला। राजधानी के जंगल आग से दहक रहे हैं। मंगलवार को राजधानी से सटे तारादेवी के समीप और शिल्ली बागी के पास जंगल में भड़की आग के कारण वन संपदा का नुकसान हुआ। न्यू शिमला के समीप रझाणा से सटे जंगल में भी आग भड़की। माल रोड फायर स्टेशन को दोपहर करीब ढाई बजे तारादेवी के पास लगी आग की सूचना मिलने पर माल रोड फायर स्टेशन गए जवानों ने शाम सात बजे तक आग बुझाने का कार्य किया। बालुगंज फायर स्टेशन से गए दल ने शिल्ली बागी के समीप लगी आग को शांत करने का कार्य किया। रझाणा में स्थानीय लोगों ने ही पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर भड़की आग को शांत करने का कार्य किया।