अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। स्वास्थ्य विभाग खसरा और रूबेला (एमआर) का टीकाकरण अभियान 30 अगस्त से शुरू करेगा। विभाग की टीम सबसे पहले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पोर्टमोर में बच्चों को टीका लगाएगी। स्टेट इम्यूनाइजेशन ऑफिसर डॉ. मंगला सूद ने इस बात की पुष्टि की है। डॉ. मंगला सूद का कहना है कि बुधवार को अभियान के तहत करीब 1800 स्कूली छात्राओं को यह टीका लगाया जाएगा। सुबह साढ़े दस बजे यह अभियान शुरू होगा। इसके बाद अन्य स्कूलों में भी महकमा यह अभियान चलाएगा। स्वास्थ्य महकमा नौ माह से लेकर पंद्रह साल तक के बच्चों को इस टीकाकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम करवा रहा है। अभियान का यह पहला चरण होगा। इसमें चार से पांच सप्ताह तक स्कूलों में जाकर टीकाकरण होगा। इसके अलावा जिला शिमला में स्वास्थ्य विभाग द्वारा करीब दो लाख बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। महकमे का कहना है कि जिस दिन स्कूलों में बच्चों को यह टीका लगाया जाएगा, उससे पूर्व बच्चों को खाना खिलाया जाएगा ताकि टीकाकरण के डर से बच्चों को अकसर आने वाले चक्कर की समस्या से न जूझना पड़े।