शिमला। राजधानी के सेंट बीडस कॉलेज में शुक्रवार को नि:शुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 123 लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई। स्वास्थ्य क्लब ने आईक्यूएसी के तत्वावधान में स्वास्थ भारत फाउंडेशन ट्रस्ट के बीएएमएस चिकित्सकों के सहयोग से यह शिविर लगाया। इसमें कॉलेज स्टाफ, छात्राओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। शिविर से 43 स्टाफ सदस्य, 72 छात्राएं और 8 आम नागरिक लाभान्वित हुए। शिविर में डॉ. ओशीन धर्माइक ने बतौर चिकित्सा अधिकारी जागरूकता व्याख्यान दिया। डॉ. धर्माइक और उनकी टीम ने उपस्थित लोगों की जांच भी की। मौके पर ही पूर्ण शारीरिक परीक्षण किए गए और आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। कॉलेज की प्राचार्य सिस्टर टीएल रोजिली ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य परामर्श लिया और आयोजन की सराहना की। संवाद