शिमला।
मौसम साफ रहने और तापमान में गिरावट के चलते पंद्रह दिनों से आइस स्केटिंग रिंक में लगातार सेशन हो रहे हैं। अब तक करीब 25 सेशन हो चुके हैं। स्केटर्स बराबर अभ्यास कर रहे हैं। अब स्केटर्स आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के खेल कैलेंडर के जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। अगर सब ठीक रहा तो शिमला आइस स्केटिंग क्लब से आइस हॉकी टीम स्पर्धा में हिस्सा लेने जाएगी। इससे स्केटर्स में खासा उत्साह है। आइस हॉकी का रिंक में अभ्यास किया जा रहा है। शिमला के स्केटर्स अन्य प्रदेशों के स्केटर्स को कड़ा मुकाबला देते हैं। स्केटर्स रूटीन स्केटिंग करने के साथ ही राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं के लिए भी अभ्यास कर रहे हैं। आइस हॉकी के लिए शिमला आइस स्केटिंग क्लब की 15 सदस्यीय टीम लगातार अभ्यास कर रही है। इनमें तीन स्केटर्स प्रणव डोगरा, अभिमन्यु शर्मा और अधिराज सूद ऐसे हैं जो चैलेंज कप एशिया के लिए चयनित हुए थे। यह कप मलेशिया में दिसंबर में हुआ था। आइस हॉकी में रजत मल्होत्रा, पवन वर्मा, अर्जुन, आशीष, चेतन और पंकज के अलावा गमन दीप सिंह दो बार इंडिया टीम के लिए खेल चुके हैं। रजत मल्होत्रा का कहना है कि हाल ही में लद्दाख के आइस स्केटिंग खेल स्पर्धाओं में शिमला की टीम हिस्सा नहीं ले रही है, मगर आइस स्केटिंग एसोसिएशन की आइस हॉकी स्पर्धा के लिए स्केर्ट्स तैयार हैं। विंटर आइस हॉकी कैलेंडर लेह के 25 जनवरी से दो फरवरी तक होने वाले सीईसी चैंपियनशिप के लिए भी शिमला के स्केटर्स हिस्सा लेने जा सकते हैं। यह तब होगा यदि आइस स्केटिंग एसोसिएशन राष्ट्रीय स्तर पर आइस हॉकी का मुकाबला नहीं करवाती है। शिमला आइस स्केटिंग क्लब के सचिव भुवनेश बांगा का कहना है कि स्केटर्स फिगर और आइस हॉकी का बराबर अभ्यास कर रहे है।