अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पोर्टमोर की बैंड टीम ने चंडीगढ़ में आयोजित की गई स्कूलों की नॉर्थ जोन स्तर की स्कूल बैंड स्पर्धा में दूसरा स्थान पाया। पोर्टमोर गर्ल्स स्कूल की टीम ने इस स्पर्धा में प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। यह पहला मौका था कि स्कूल बैंड ने नॉर्थ जोन स्तर की स्पर्धा में पूरे प्रदेश का का प्रतिनिधित्व कर पुरस्कार पाया। शुक्रवार को चंडीगढ़ के सेक्टर 33 गर्ल्स मॉडल स्कूल में आयोजित इस स्पर्धा में स्कूल बैंड की 21 सदस्यीय टीम ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्कूल बैंड के पुरस्कार जीतने पर पोर्टमोर स्कूल की प्रधानाचार्य नीश भलूनी ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि यह स्कूल के साथ पूरे प्रदेश भर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने टीम की सदस्य छात्राओं और साथ गए शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय और एनसीईआरटी की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रही स्कूल टीम को सात हजार का नकद पुरस्कार और टीम सदस्य छात्राओं और शिक्षकों को प्रमाण पत्र दिए गए। टीम सदस्य छात्राओं में प्रोमिल नेगी, आंचल मेहता, वैशाली शर्मा, प्रीति चौहान, नितिका नेगी, ज्योति बिष्ट, सहजल, वर्णिका, मुस्कान धांटा, अवंतिका नेगी, सहर चौहान, सोनिका, अंकिता, पलक, श्वेता वर्मा, निधि मेहता, दिव्या भंडारी, स्वीन चंदेल शामिल रहीं। वहीं टीम के साथ गए शिक्षकों में सुमन चौहान, रमा नेगी और स्टेट कोआर्डिनेटर वीरेंद्र चौहान भी गए थे।