नाहन / ददाहू (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस की एसआईयू टीम ने ददाहू में दबिश देकर 16 लोगों को जुआ खेलते हुए दबोचा। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों से 1,70,700 रुपये बरामद किए। एसआईयू की टीम ने रेणुका पुलिस की मदद से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार एसआईयू को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड से गिरि नदी को जाने वाली सड़क पर कबाड़ी कॉलोनी के पास कुछ लोग सरेआम जुआ खेल रहे हैं। उसके बाद टीम की कार्रवाई के दौरान 16 लोग जुआ खेलते दबोचे गए। पुलिस टीम की दबिश के दौरान जुआरियों में हड़कंप मच गया। पुलिस को देख जुआरियों ने अपने हाथों से ताश के पत्ते फेंक दिए। टीम ने जमीन पर पड़े पौने दो लाख रुपये बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया। इस कार्रवाई में एसआईयू के मुख्य आरक्षी हरिचंद, एचएचसी दीपक कुमार, आरक्षी सोहब अहमद, आरक्षी प्रवीण कुमार व मोहित सैनी शामिल थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कृति सिंह, विनोद, रामलाल, रणजीत, दलीप सिंह, मनीष ठाकुर, सतपाल, मानसिंह, नवनीत, सोहन सिंह, पवन कुमार, कमल सिंह, विक्रांत, शांतिराम, कमलेंद्र सिंह, सुखपाल को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो हजार रुपये के 36, 500 रुपये के 180 व 100 रुपये के 87 नोट बरामद किए। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर सौम्या सांबशिवन ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13ए-3-67जी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।