शिमला। इंदिरा गांधी खेल परिसर शिमला के 12 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप के लिए हुआ है। अक्तूबर महीने में होने वाली प्रदेश स्तरीय चैंपियनशिप में इन सभी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था जिसके आधार पर अब यह राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसमें कैडेट और सब जूनियर की प्रतियोगिता गुजरात के गांधी धाम में 23 मार्च से 31 मार्च तक होगी। इसके लिए नाइशा चौहान, युग ठाकुर, अंशवीर, अयान तोमर गुप्ता और गीतांजलि का चयन हुआ है। जूनियर और यूथ चैंपियनशिप उत्तराखंड के देहरादून में 22 फरवरी से 2 मार्च तक होगी। इसमें युग ठाकुर भाग लेंगे। सीनियर चैंपियनशिप मध्य प्रदेश के इंदौर में 14 मार्च से 21 मार्च तक होगी जिसमें अभिषेक जग्गी और उर्वशी शर्मा भाग लेंगे। इसके अलावा वेटरन चैंपियनशिप महाराष्ट्र के पुणे में होगी। इसमें अल्केश सैनी, जसवंत गांग्टा, अनामिक सूद और अंकुर बहल भाग लेंगे। इंदिरा गांधी खेल परिसर के टेबल टेनिस कोच अभय लखनपाल ने बताया कि यह पहली बार किसी एक सेंटर से इतने ज्यादा खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।