शिमला।
एसएफआई की विश्वविद्यालय इकाई ने बुधवार को विवि परिसर में छात्रों की मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। संगठन नेताओं ने भाजपा की ओर से चुनाव के दौरान छात्रों और युवाओं से किए गए वादों को पूरा करने की मांग उठाई। विवि की ओर से बढ़ाई गई फीस को लेकर बनी हाई पॉवर कमेटी की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने, फीस कम करने पर सिफारिशों के मुताबिक फैसला लेने, छात्र संघ चुनाव पर लगाए गए प्रतिबंध को हटाने की मांग को उठाया। इकाई अध्यक्ष जीवन ठाकुर और सचिव अनिल नेगी ने प्रदर्शन के दौरान मौजूद छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में रूसा को हटाने का वादा किया था। सत्ता संभालने पर शिक्षा मंत्री अब रूसा को सही बता कर इसे ईयर सिस्टम बनाने की बात कर रहे हैं। कहा कि साढ़े तीन साल बीत जाने पर फीस बढ़ोतरी पर बनी हाई पॉवर कमेटी की रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया गया। छात्र संघ चुनाव को बहाल नहीं किया गया। उन्होंने प्रदेश सरकार और शिक्षा मंत्री से मांग उठाई कि रूसा सिस्टम को समाप्त किया जाए। हाई पॉवर कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक कर फीस कम की जाए। जीवन ने चेताया कि यदि इन मांगों को भाजपा सरकार पूरा नहीं करती है, तो एसएफआई आंदोलन करेगी।
000