शिमला। उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में मंगलवार को वन संरक्षण अधिनियम 1980 के तहत जिले से संबंधित लंबित मामलों का निपटारा करने को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में वन संरक्षण अधिनियम के तहत जिला शिमला के लंबित 115 मामलों पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने वन विभाग के अधिकारियों को फरवरी के प्रथम सप्ताह में वन संरक्षण अधिनियम से संबंधित प्रशिक्षण शिविर का आयोजन करने के निर्देश दिए ताकि विभागीय अधिकारियों को मामलों का निपटारा करने में आसानी हो। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि जिले में वन संरक्षण अधिनियम के तहत यूजर एजेंसी के पास लंबित मामलों का जल्द निपटारा करें ताकि विकासात्मक कार्यों में देरी न हो। बैठक का उद्देश्य औपचारिकताएं पूर्ण करना नहीं है बल्कि कार्यों को गति प्रदान करना है। कहा कि सभी विभागीय अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। विकास की दृष्टि से यह महत्वपूर्ण पहलू है कि जितना जल्द एफसीए मामलों को मंजूरी मिलती है उसी दृष्टि से विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी। संवाद