शिमला। शिमला शहरी विधानसभा सीट के चार उम्मीदवारों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इनके अलावा एबीवीपी को भी नोटिस जारी किया गया है। इन सभी के खिलाफ सार्वजनिक स्थलों और संपत्तियों पर पोस्टर लगाने और प्रचार लिखने को लेकर यह कार्रवाई की गई है। भाजपा उम्मीदवार सुरेश भारद्वाज, माकपा के संजय चौहान, कांग्रेस के हरभजन सिंह भज्जी और आजाद उम्मीदवार हरीश जनारथा को नोटिस जारी किए गए हैं। सभी को 24 घंटे के भीतर इन्हें हटाने को कहा गया है। मंगलवार को शिमला शहरी के रिटर्निंग ऑफिसर अजीत भारद्वाज ने अपनी टीम के साथ विधानसभा क्षेत्र का जायजा लिया। प्रदेश सचिवालय के पास देखा कि सार्वजनिक संपत्तियों और दीवारों पर कई प्रत्याशियों और एबीवीपी के पोस्टर लगाए गए हैं, जो आचार संहिता का उल्लंघन है। साथ ही शहर की खूबसूरती भी खराब हो रही है। टीम ने कुछ पोस्टर तो खुद ही निकाल लिए, बाकी के लिए संबंधित उम्मीदवारों को नोटिस जारी कर दिए। रिटर्निंग ऑफिसर अजीत भारद्वाज ने कहा कि सभी को 24 घंटे के भीतर पोस्टर निकालने को कहा गया है।