अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। देश की एकता और अखंड भारत के निर्माण के लिए सरदार पटेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्हीं के नक्शेकदम पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी देश को एक सूत्र में पिरोने का काम कर रहे हैं। मंगलवार को शिमला में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने के लिए आयोजित कार्यक्रम में शिमला में आयोजित रन फॉर यूनिटी के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने यह बात कही। शाह ने कहा कि सरदार पटेल के प्रयासों को भुलाने और खत्म करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके प्रयासों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। सरदार पटेल देश की आत्मा में विराजमान हैं। शाह ने देश की सांस्कृतिक और विविधता का जिक्र करते हुए कहा कि हमने एकता अपनी विरासत से सीखी है। विश्व की हर परंपरा को हमने अपने अंदर समेटा है। देश की एकता एवं अखंडता के लिए सरदार पटेल ने अहम भूमिका निभाई है, जिसका पूरे देश को पता चलना चाहिए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ अमित शाह ने देश की एकता की भी शपथ ली। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम के तहत आयोजित दौड़ को हरी झंडी दिखाई।