शिमला। रैगिंग मामले में हिमाचल हाईकोर्ट ने हमीरपुर स्थित गौतम कॉलेज के प्रिंसिपल रजनीश गौतम को फिलहाल अंतरिम अग्रिम जमानत दे दी है। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि प्रार्थी जांच कार्य में जांच एजेंसी को सहयोग करेगा और मामले में चल रही छानबीन को किसी भी तरह से प्रभावित नहीं करेगा। अदालत ने प्रार्थी को शनिवार सुबह 11 बजे पुलिस स्टेशन हमीरपुर में पेश होने के आदेश दिए है। प्रार्थी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गौरतलब है कि हमीरपुर स्थित गौतम पॉलीटेक्निक कॉलेज के छात्र अमित कुमार ने कथित रैगिंग से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। 30 अगस्त को छात्र के पिता ने पुलिस स्टेशन हमीरपुर में शिकायत दर्ज करवाई थी। कॉलेज प्रिंसिपल होने के नाते पुलिस ने प्रार्थी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। प्रार्थी ने दलील दी है कि उक्त मामला रैगिंग से नहीं जुड़ा है। प्रार्थी ने अंदेशा जताया है कि छात्र को शायद किसी बाहरी छात्र ने धमकी दी होगी। इससे पहले प्रार्थी ने सत्र न्यायालय हमीरपुर में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया था, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था। हाईकोर्ट ने प्रार्थी को अंतरिम अग्रिम जमानत देते हुए सरकार से आगामी 12 सितंबर को स्टेटस रिपोर्ट तलब की है।