पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर में राधाकृष्ण मंदिर को र्साईं मंदिर बनाने का मामला प्रकाश में आया है। राधा कृष्ण मंदिर में लगी र्साईं की प्रतिमा को फेसबुक में डालकर इस मंदिर को र्साईं मंदिर बनाने के लिए लोगों से चंदे की मांग की है। इसका पता चलते ही सनातम धर्म सभा पालमपुर ने इसका विरोध किया है।
सनातन धर्म सभा का आरोप है कि राधा कृष्ण मंदिर पालमपुर में कुछ समय पहले कुछ लोगों ने सनातन धर्म सभा से बात कर मंदिर में श्री र्साईं बाबा की एक प्रतिमा लगाई थी। अब ये लोग साईं मंदिर बनाने के नाम पर फेसबुक पर साईं प्रतिमा डाल कर लोगों से चंदा उगाहने लगे हैं। इसका पता चलने पर सनातम धर्म सभा ने इसका विरोध कर पुलिस में मामला ले जाने का मन बनाया है।
शनिवार को सनातन धर्म सभा पालमपुर की बैठक उत्तर भारत के सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष डा. शिव कुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें कहा गया कि जो लोग राधाकृष्ण मंदिर को साईं मंदिर बनाने के लिए पैसे की ठगी कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
---
कोई चंदा नहीं लिया जाता है : संग्राय
सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष ओम प्रकाश संग्राय ने कहा कि श्री राधाकृष्ण मंदिर में किसी प्रकार का कोई चंदा नहीं लिया जाता है। जो लोग राधाकृष्ण मंदिर को साईं मंदिर बनाने के नाम पर चंदा ठग रहे हैं, उनके खिलाफ जल्द पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी जाएगी।
---
नाम उजागर होना चाहिए : रैणा
जिला साईं संगठन के उपाध्यक्ष रोशन रैणा ने कहा कि ऐसा हमारा कोई भक्त नहीं है जो चंदे के नाम पर लोगों से पैसा मांगे। जो लोग ऐसा कर रहे हैं, उनका नाम उजागर होना चाहिए।