सुबाथू (सोलन)। ट्यूशन पढ़ने गए दसवीं के छात्र का अपहरण हो गया है। वारदात सोलन के सुबाथू क्षेत्र की है। परिजनों ने नेपाली युवक पर शक जताया है। पुलिस ने अपहरण का केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल, छात्र का कहीं पता नहीं है। अपहरण की वारदात से यहां सनसनी फैल गई है। जिस दिन से छात्र गायब है, उसी दिन से नेपाली युवक का भी पता नहीं है।
परिजनों ने संदेह जताया है कि उनके बेटे से कोई गलत काम करवाया जा सकता है। पुलिस में दर्ज शिकायत में विनोद कुमार गांव थाथो पीओ कक्कडहट्टी ने बताया कि उनका बड़ा लड़का तरुण दसवीं का छात्र है। प्रतिदिन वह ट्यूशन पढ़ने जाता था, लेकिन 26 अगस्त को घर नहीं लौटा। रिश्तेदारों के यहां उसे ढूंढा जा चुका है, लेकिन उसका कोई अता पता नहीं है। तरुण की नेपाली युवक से दोस्ती थी। शक है कि नेपाली युवक ने ही उसका अपहरण किया है।
---
नहीं मांगी कोई फिरौती
छात्र के पिता विनोद का कहना है कि किसी तरह की फिरौती के लिए फोन नहीं आया है।
---
छानबीन जारी : मदन
चौकी प्रभारी एएसआई मदन लाल के मुताबिक पुलिस छानबीन कर रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।