शिमला। 2015 में होने वाले पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप की मेजबानी हिमाचल करेगा। पैराग्लाइडिंग की वर्ल्ड एसोसिएशन (फ्रांस) ने इसके लिए हरी झंडी प्रदान कर दी है। यह पहला मौका है कि जब भारत को पैराग्लाइडिंग की मेजबानी करने का मौका मिलेगा। इसकी तिथि भी तय हो गई है। 24 से 31 अक्तबूर 2015 तक कांगड़ा के बीड़ बिलिंग में वर्ल्ड चैंपियनशिप होगी।
चैंपियनशिप में विश्व के शीर्ष 150 पैराग्लाइडर पायलट और 500 फ्री-फ्लाइंग पायलट उड़ान भरेंगे। प्री-वर्ल्ड कप की सफलतापूर्वक मेजबानी करने के बाद हिमाचल ने वर्ल्ड कप की मेजबानी मांगी थी। इसे मंजूरी मिल गई है। इससे पूर्व तीन बार हिमाचल प्री-वर्ल्ड कप की मेजबानी कर चुका है। हिमाचल ने पिछले वर्ष नवंबर माह में वर्ल्ड एसोसिएशन से प्रदेश में पैराग्लाइडिंग का विश्व कप की मेजबानी मांगी थी।
---
हिमाचल को 2015 में होने वाले पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप की मेजबानी मिली है। अक्तूबर माह में प्रतियोगिता होगी। प्री-वर्ल्ड कप की सफलता के बाद हिमाचल को यह मौका प्रदान किया गया है। टेक-ऑफ और लैंडिंग साइट तैयार करने का कार्य इस वर्ष के अंत तक पूरा हो जाएगा, जबकि अन्य आधारभूत संरचना का निर्माण मार्च 2015 तक किया जाएगा।
सुधीर शर्मा, अध्यक्ष, प्रदेश पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन
---
एक्रो-शो और हॉट बैलूनिंग भी होगा आकर्षण
प्रतियोगिता के दौरान एक्रो-शो और हॉट बैलूनिंग भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इधर, पायलटों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लाइव ट्रैकिंग सिस्टम सुविधा भी उपलब्ध होगी।