शिमला। हिमाचल में स्कूलों में थ्री इडियट की तर्ज पर कक्षाएं लगाने की तैयारी हैं। ये कक्षाएं ठीक वैसे हो सकती हैं, जैसे फुंगचुग वांगडू़ के रूप में आमिर खान लेते हैं। प्रदेश में रोबोटिक कक्षाओं का यह डैमो शिमला शहर के सात स्कूलों मेें 12 अगस्त को दिया जा रहा है। इसमें विज्ञान के प्रयोगों का प्रदर्शन होगा। इसमें रोबोट उपकरणों को अध्ययन में शामिल करने की तैयारी है, जिससे छात्र हर चीज को प्रैक्टिकली सीख सकें।
सर्व शिक्षा अभियान एवं आरएमएस के परियोजना निदेशक घनश्याम ने इस संबंध में शिमला के लालपानी, पोर्टमोर, बालूगंज, लक्कड़बाजार, संजौली, ढली और टुटू में रोबोटिक कक्षाएं लेने का बीड़ा उठाया है। रोबोटिक कक्षाओं का यह डैमो मैसर्ज नोवाटैक रोबो देगी। इसके लिए इन स्कूलों के प्रतिनिधियों को प्रधान सचिव सूचना एवं प्रौद्योगिकी एवं शिक्षा के कार्यालय में 12 अगस्त को बुलाया गया है। कहा जा रहा है कि अगर यह प्रयोग सफल रहा तो पूरे प्रदेश के स्कूलों में इन्हें शुरू किया जा सकता है। अभियान के परियोजना निदेशक घनश्याम ने 12 अगस्त को इस तरह के डैमो की पुष्टि की है।