शिमला। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा है कि राज्य सरकार ने शिमला जिले के कढारघाट और मिहाणा एचआरटीसी बस हादसों पर मैजिस्ट्रीयल जांच बैठा दी है। कांगड़ा में हुई दुर्घटना की भी जांच हो रही है। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने मंगलवार को हुई इन तीनों दुर्घटनाओं पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अफसोस जताया कि हिमाचल की भौगोलिक एवं अन्य परिस्थितियां ही लगातार हो रहे सड़क हादसों के लिए जिम्मेवार हैं।
मंगलवार को इन दुर्घटनाओं के बाद जीएस बाली ने कहा कि शिमला के दोनों ही हादसे दुखद हैं। इसके अलावा एक हादसा उनके निर्वाचन क्षेत्र में भी हुआ। इस तरह से एक ही दिन में तीन-तीन सड़क दुर्घटनाओं के होने से वे व्यथित हैं। इनकी जांच की जा रही है। बाली ने अफसोस जताया कि प्रदेश में भले ही परिवहन विभाग के पास परिवहन संचालन की व्यवस्था दी गई है, मगर सड़क हादसों के लिए कई महकमे जिम्मेवार हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सड़कें ऐसी हैं, जिनमें हादसे रोके नहीं रुक रहे हैं। सड़कों के किनारे रेलिंग, पैरापिट आदि लगें तो हादसे कम हो सकते हैं। प्रदेश में ऐसी सड़कें ही नहीं बन सकी हैं जो हादसों को रोकें।