शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा शाखा ने बुधवार को नए शैक्षणिक सत्र 2014-15 के लिए हुई बीएड की प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. नरेंद्र अवस्थी ने कहा कि इस परीक्षा के घोषित परिणाम के आधार पर तीस जून को श्रेणीवार मेरिट लिस्ट जारी कर दी जाएगी। बीएड में प्रवेश के लिए काउंसलिंग का शेडयूल स्नातक अंतिम वर्ष का परिणाम आने के बाद तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घोषित किए गए परिणाम को विवि की वेबसाइट hpuniv.in पर उपलब्ध करवा दिया गया है। सात जून को प्रदेश भर में स्थापित केंद्रों में हुई इस परीक्षा के लिए 10,936 रोलनंबर जारी किए गए थे, जिसमें 10196 छात्रों ने परीक्षा दी। इस प्रवेश परीक्षा के आधार पर ही प्रदेश भर के विवि से संबद्ध दो सरकारी और 72 निजी बीएड कॉलेजों की करीब साढ़े आठ हजार सीटों को भरने के लिए प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।