शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शुक्रवार को केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिक मंत्री रविशंकर प्रसाद से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री से हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में बेहतर संचार नेटवर्क की सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की, जिससे प्राकृतिक आपदा के दौरान स्थिति पर तत्काल काबू पाने में आसानी हो सके।
मुख्यमंत्री ने बताया जनजातीय क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण संचार सुविधाएं ठप्प हो जाती हैं। बिजली की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण मोबाइल सेवाएं भी प्रभावित रहती हैं, जिससे किसी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में परिस्थितियों से निपटना कठिन हो जाता है। नई दिल्ली में केन्द्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद से अनुरोध किया कि जनजातीय क्षत्रों में प्रतिकूल भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यहां और भी आधुनिक सुविधाओं की आवश्यकता है, जिससे लोगों को हर परिस्थिति में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। वीरभद्र सिंह ने ऐसे क्षेत्रों में ब्रॉड बैंड सेवाएं और मोबाइल की ऐसी सुविधाएं जो परंपरागत विद्युत की बजाए सोलर ऊर्जा मुहैया करवाने का भी आग्रह किया। केन्द्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिया कि प्रदेश में ऐसी सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए केन्द्र सरकार हर सम्भव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी सेवाओं को देशभर में सुदृढ़ करने की केन्द्र सरकार की प्राथमिकता भी है।