फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रदेश में खोलेंगे जेनेरिक मेडिकल स्टोर : कौल

Wed, 04 Jun 2014 05:32 AM IST
Shimla
विज्ञापन
विज्ञापन
शिमला। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के दोनों मेडिकल कॉलेजों में पॉयलट आधार पर जेनेरिक मेडिकल स्टोर खोले जाएंगे। बाद में सभी क्षेत्रीय अस्पतालों में भी यह सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। कौल सिंह ने यह जानकारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के कार्यान्वयन की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में गत वर्ष में अनेक मील के पत्थर स्थापित किए गए हैं, जिसमें तीन मेडिकल कॉलेज, दो कैंसर देखभाल केंद्र, दो मातृ एवं शिशु अस्पताल और इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला तथा टांडा में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक खोलना शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शीघ्र ही जननी-शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत परिवहन सुविधा आरंभ करेगी। इसके अतिरिक्त प्रदेश के दूरदराज क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए मेडिकल वैन चलाई जाएगी और 108 एंबुलेंस नेटवर्क को सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन मोबाइल चिकित्सा इकाइयों में विशेषज्ञ चिकित्सक के अतिरिक्त अल्ट्रासाउंड सुविधाएं और सभी प्रकार की जीवन रक्षक दवाइयां उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा शिविर भी लगाए जाएंगे।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता भी शीघ्र स्वास्थ्य दलों का हिस्सा होंगी। उन्होंने प्रदेश में धात्री माताओं तथा नवजात शिशुओं के शत-प्रतिशत प्रतिरक्षण पर बल दिया। उन्होंने अस्पताल भवनों के निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए ताकि उन्हें शीघ्र क्रियाशील बनाया जा सके। मंत्री ने कहा कि रोग नियंत्रण कार्यक्रम तथा स्कूल स्वास्थ्य स्क्रीनिंग कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने की जरूरत है। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य विनीत चौधरी ने स्वास्थ्य कर्मचारियों को और अधिक प्रशिक्षण देने पर बल दिया। निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. आरके शर्मा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक अमित कश्यप, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें