शिमला। भराडी में अंडर ग्राउंड केबल में खराबी आने के कारण शुक्रवार को आधे शहर में बिजली गुल रही। बत्ती गुल रहने से लोकसभा चुनाव के लाइव परिणाम जानने से लोग वंचित रह गए। बिजली सप्लाई न होने के कारण घरों पर टीवी सेट मात्र शोपीस बन कर रह गए। कई लोगों ने जहां मोबाइल फोन पर चुनाव परिणाम को जाना वहीं कई लोग माल रोड स्थित इलेक्ट्रानिक शोरूमों में लगे टीवी स्क्रीन पर चुनाव परिणाम देखते नजर आए। बिजली बोर्ड की भराडी में बिछाई गई अंडर ग्राउंड केबल के पैनल में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे फाल्ट आया। तकनीकी दिक्कत को दो बजे ठीक किया गया।
इस दौरान कैथू, ताराहाल, कोमली बैंक, स्नोव्यू, मिडल बाजार, लोअर बाजार, राम बाजार, ओल्ड बस स्टेंड, मेय फील्ड, कालीबाडी एरिया और आसपास के क्षेत्रों में बिजली गुल रही। कोमली बैंक के राम प्रताप, कमल ठाकुर ने बताया कि बिजली सप्लाई ठप रहने के चलते वह चुनाव परिणाम का लाइव नहीं देख सके। मोबाइल के जरिये अपडेट लेते रहे। कैथू के कृष्ण कुमार ने बताया कि शुक्रवार को चुनाव परिणाम देखने के लिए उन्होंने दफ्तर से छुट्टी ली थी, लेकिन बिजली चली जाने के चलते उन्हें माल रोड पर स्टेट मीडिया सेंटर में जाना पड़ा। उधर, शिमला सिटी डिवीजन के अधिशासी अभियंता विशेषवर शर्मा ने बताया है कि पैनल में अचानक खराबी आ गई थी। इसे समय रहते दुरुस्त कर दिया गया।