शिमला। चुनाव आयोग ने इस सदी के सबसे रोमांचक चुनावी नतीजे जनता तक पहुंचाने की तैयारी पूरी कर ली है। हिमाचल प्रदेश में चार संसदीय सीटों के लिए हुए चुनाव की मतगणना के लिए प्रदेश भर में कर्मचारियों के प्रशिक्षण का कार्य पूरा हो चुका है। शुक्रवार को मतगणना के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी न होने पाए, इसको लेकर भारी संख्या में पुलिस और आईटीबीपी के जवान तैनात किए गए हैं। शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में सुबह आठ बजे से 16 केंद्रों पर मतगणना शुरू हो जाएगी। इसके ठीक एक घंटे बाद रुझान मिलने शुरू हो जाएंगे, जबकि दोपहर 12 बजे तक चुनाव नतीजे भी आने शुरू हो जाएंगे। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार पोस्टल बैलेट की गणना रिटर्निंग आफिसर स्तर पर की जानी है। यानी कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और शिमला के जिला निर्वाचन अधिकारी/रिटर्निंग आफिसर के स्तर पर ही पोस्टल बैलेट की गिनती होगी। आधे घंटे में सुबह साढ़े आठ बजे तक पोस्टल बैलेट की गणना हो जाएगी।
-
हिमाचल में यहां होगी मतगणना
चंबा जिले के मिलेनियम पॉलिटेक्निक राजकीय कॉलेज सरोल में, कांगड़ा में आर्य डिग्री कालेज नूरपुर, शहीद विक्रम बतरा डिग्री कॉलेज पालमपुर, राजकीय पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री कॉलेज धर्मशाला, लाहौल-स्पीति जिले के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल केलांग में वोटों की गिनती की जाएगी। कुल्लू के राजकीय डिग्री कॉलेज, मंडी के राजकीय मिलेनियम पॉलिटेक्निक कॉलेज, राजकीय पीजी कॉलेज मंडी, हमीरपुर में राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल ब्वाज, ऊना में राजकीय पीजी कॉलेज, बिलासपुर में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री कॉलेज, सोलन में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री कॉलेज, सिरमौर के जिला परिषद भवन नाहन और बैडमिंटन हॉल नाहन में मतों की गणना की जाएगी। शिमला के राजकीय डिग्री कॉलेज संजौली और राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल ब्याज रामपुर में मतों की गणना की जाएगी। किन्नौर के बचत हॉल में मतगणना केंद्र बनाया गया है। हर मतगणना केन्द्र पर हर राउंड के नतीजें बाकायदा माइक से घोषित किए जाएंगे।
-
शिमला का रिजल्ट सबसे बाद में
हिमाचल प्रदेश में सिरमौर जिले को छोड़कर प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में वोटों की गिनती एक साथ सुबह आठ बजे शुरू होगी। निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि सिरमौर जिले में तीन विधानसभा क्षेत्रों की गिनती एक साथ और बाद में दो विधानसभा क्षेत्रों की गिनती इसके बाद होगी। जगह की कमी के कारण ऐसा किया जा रहा है। ऐसे में शिमला संसदीय क्षेत्र का चुनाव नतीजा सबसे आखिर में आने की उम्मीद है। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार प्रदेश भर में दोपहर 12 बजे से लेकर दोपहर दो बजे के बीच सभी चुनाव नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के रिटर्निंग आफिसर सी पालरासू ने बताया कि कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के चुनाव नतीजे दोपहर 12 बजे तक घोषित करने का लक्ष्य तय किया गया है।
-
सीईओ डॉट हिमाचल पर मतगणना अपडेट
निर्वाचन की ओर से चुनाव नतीजे के बारे में हिमाचल प्रदेश के आम लोगों को जानकारी देने के लिए एक साफ्टवेयर तैयार किया गया है। इस साफ्टवेयर को सीईओ डाट हिमाचल प्रदेश के वेबसाइट से जोड़ा जाएगा। इस वेबसाइट पर चुनाव नतीजे उपलब्ध कराने की बात की जा रही है।
नोट-सीईओ डॉट हिमाचल इसे अंग्रेजी में दें।
--
मतगणना के लिए मालरोड पर होगा मीडिया सेंटर
सूचना एवं जन संपर्क विभाग 16 मई को प्रदेश की चार लोकसभा सीटों तथा सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव की मतगणना के रुझानों तथा परिणाम के बारे में सूचना देने के लिए शिमला के माल रोड पर राज्य स्तरीय मीडिया सेंटर स्थापित करेगा। मीडिया सेंटर के दूरभाष नंबर 0177-2659823 तथा 2659824 हैं। 16 मई 2014 को प्रात: नौ बजे से इन दूरभाष नंबरों पर प्रदेश से संबंधित लोकसभा चुनावों के रुझानों/परिणामों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।