शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देशानुसार हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू ने कुल्लू जिला के बंजार विधानसभा क्षेत्र के गांव टिल्ला ग्राम पंचायत गाड़ागुसैणी का दौरा किया और कांग्रेस रैली से लौटते समय हादसे का शिकार हुए लोगों के परिवारों को मदद दी। 4 मई 2014 को कुल्लू में हुई सोनिया गांधी की रैली से लौटते समय 4 कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौत हो गई थी।
कांग्रेस प्रवक्ता नरेश चौहान ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सोनिया गांधी की ओर से मृतकों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया और परिजनों को सांत्वना दी। कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रभावित परिवारों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि के चेक भी भेंट किए गए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दुर्घटना में घायल कार्यकर्ताओं से भी मिले तथा उनका कुशलक्षेम पूछा। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुंदर ठाकुर, विधायक कर्ण सिंह, उनके पुत्र दित्यविक्रम सिंह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़, जिला परिषद कुल्लू के अध्यक्ष हरिचंद शर्मा और प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया के सदस्य राजेंद्र शर्मा मौजूद थे।