शिमला। हिमाचल प्रदेश के मतदाताओं के लिए अच्छी सूचना है। सात मई को मौसम साफ रहेगा। मतदान बूथ पर पहुंचने के लिए पूरे दिन मौसम अनुकूल बना रहेगा। न तो अधिक गर्मी होगी और न ही बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान है। हालांकि, छह मई तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। ऐसे में आप भी मौसम का खूब आनंद उठाइए और अपने घर के पास के बूथ पर पहुंचकर वोट करें, जिससे लोकतंत्र की जड़े और अधिक मजबूत हो सकें।
आठवें चरण में हिमाचल प्रदेश में सात मई को चार संसदीय सीटों के लिए चुनाव होने है। इसको लेकर निर्वाचन आयोग की ओर से पूरी तैयारी की जा रही है, लेकिन मौसम के मिजाज को लेकर निर्वाचन अधिकारियों के मन में अभी भी आशंका बनी हुई है कि कहीं मौसम खराब न हो जाए, जिससे मतदान प्रभावित हो जाए। इसको लेकर ऐतिहात के तौर पर तैयारियां की गई हैं। वैसे मौसम विभाग का अनुमान है कि सात मई को मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। इंद्रदेव पूरी तरह मेहरबान रहेंगे। प्रदेश के किसी हिस्से में सात मई को अभी तक बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान नहीं है। न ही कोई संभावना अभी नजर आ रही है। छह मई तक कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हो सकती है, लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं है।
-
सात मई को हिमाचल में मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। अभी तक कहीं कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। ऐसे में मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वोट करना चाहिए। -- मनमोहन सिंह, निदेशक मौसम केंद्र शिमला