शिमला। आईजीएमसी में सोमवार से एमआरआई, सिटी स्कैन और डिजिटल एक्सरे की रिपोर्ट ऑनलाइन मिलना शुरू हो जाएगी। अस्पताल के आईटी विभाग ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर इस प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है। मरीज टेस्ट करने के बाद तुरंत डाक्टर के पास जा सकता है और डाक्टर मरीज का आईडी नंबर डालकर कंप्यूटर में ही रिपोर्ट देख कर उपचार के बारे में अपना परामर्श दे सकते हैं। मरीजों को रिपोर्ट के लिए इंतजार नहीं करना होगा इतना ही नहीं, मरीज रिपोर्ट को अपने ई- मेल या पैन ड्राइव में भी ले जा सकता है। ऑनलाइन होने से रिपोर्ट खोने का भी डर नहीं होगा।
सभी रिपोर्ट अस्पताल के कंप्यूटर नेटवर्क पर अपलोड हो जाएंगी। डाक्टर आराम से ओपीडी में बैठकर मरीज की रिपोर्ट देख पाएंगे। इस योजना के लागू होने से डाक्टरों और मरीज दोनों का समय बचेगा। एमआरआई की टेस्ट रिपोर्ट अमूमन अगले दिन मरीज को दी जाती है। अगले दिन रिपोर्ट लेकर जब मरीज डाक्टर की तलाश में ओपीडी में पहुंचते हैं तो वहां कोई और ही डाक्टर मिलते हैं। इस स्थिति में मरीज डाक्टर को खुद खोज ले या फिर अगले सप्ताह उस डाक्टर की ओपीडी में आकर रिपोर्ट दिखा ले। ऑनलाइन होने से मरीज उसी दिन अपनी रिपोर्ट दिखा कर इलाज शुरू करवा सकता है।
---
मरीजों का बचेगा समय : डा. रमेश
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. रमेश ने कहा कि सोमवार से ऑनलाइन टेस्ट रिपोर्ट मिलना शुरू हो जाएगी। डाक्टर भी ओपीडी, वार्ड या आपरेशन थियेटर में रिपोर्ट ऑनलाइन देख सकते हैं। इसमें समय की बचत होगी। मरीजों को फायदा होगा।