शिमला। पेपर चेकिंग का मानदेय बढ़ाने की मांग के बाद अब शिक्षक वार्षिक परीक्षा संचालन ड्यूटी का मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। हिमाचल शिक्षक महासंघ ने सरकार और प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से यह मांग उठाई है। महासंघ के महासचिव डा. प्रेम शर्मा ने कहा कि शिक्षक परीक्षा केंद्रों में तैनात होने वाले अधीक्षक, उपाधीक्षक, पर्यवेक्षक, सहायक अधीक्षकों का मानदेय क्रमश: 60 से 200, 55 से 150, 50 से 125, 45 से 100 रुपये करने की मांग करते रहे हैं। एक दशक से मानदेय नहीं बढ़ा है, जबकि 2012 में कोआर्डिनेटर के 500 से 900 और असिस्टेंट कोआर्डिनेटर के 400 से बढ़ाकर 900 किए गए हैं। अधीक्षक, उपाधीक्षक, पर्यवेक्षक, सहायक अधीक्षकों का मानदेय अभी तक नहीं बढ़ाया गया है। बोर्ड परीक्षाओं के दौरान 15 हजार से अधिक अधीक्षक, उपाधीक्षक, पर्यवेक्षक, सहायक अधीक्षकों की नियुक्ति होती है। अध्यक्ष सतीश सांख्यान ने बताया कि हाल ही में विश्वविद्यालय और महाविद्यालय में मानदेय रिवाइज हुए हैं। महासंघ भी उसी तर्ज पर बढ़ोतरी चाहता है। कहा कि महासंघ ने मुख्य सचिव से आग्रह किया कि वे शिक्षा बोर्ड प्रबंधन को निर्देेश जारी करें कि सभी 14 शिक्षक संघों की एक बैठक बुलाई जाए। कार्यकारी सदस्य बीआर कालिया, सुरेंद्र चौहान, महेश कुमार, कमल प्रदीप टेगटा, किशोर, सुखदेव पाठक, जीत राणा ने शिक्षा बोर्ड से पेपर मूल्यांकन का मानदेय बढ़ाने की मांग की है।