शिमला। आज से लोकल रूटों पर आपको एचआरटीसी की लाल बसों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा। निजी स्कूलों में नया सत्र शुरू होने के चलते आज से एचआरटीसी की करीब 53 बसें स्कूल टाइम पर चलेंगी। सुबह 7 से 10 और शाम 2 से 5 बजे के बीच बसें स्कूली बच्चाें को लाने और ले जाने का काम करेंगी। एचआरटीसी की लाल बसों के स्कूल टाइम पर चलने के कारण अन्य बसों में ओवरलोडिंग बढ़ सकती है। राजधानी में आवाजाही के लिए लोगों की पहली पसंद जेएनएनआरयूएम की लाल बसें ही हैं। निगम के येलो कार्ड धारक एचआरटीसी बसों में आवाजाही को प्राथमिकता देते हैं। इतना ही नहीं, शहर में प्राइवेट बसों के आपसी कंपीटीशन के चलते सवारियों को पेश आने वाली दिक्कत के चलते निगम की बसें लोगों की पहली पसंद हैं। सोमवार से निगम की बसें स्कूल टाइम पर चलेंगी। ऐसे में लोगों को आवाजाही करने में परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
लोकल रूटों पर नहीं होगी बसों की किल्लत : सेन
एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक अनिल सेन ने बताया कि बसों के स्कूल टाइम पर चलने से सामान्य यात्रियों को असुविधा नहीं होने दी जाएगी। स्कूल टाइम से लौटने के बाद बसें तुरंत पूर्व निर्धारित रूट पर चलना शुरू कर देंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए लोकल रूटों पर अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएगी।
स्कूलों की छुट्टियां बढ़ने से मिल सकती है राहत
मौसम खराब होने के कारण शहर के कुछ निजी स्कूलों में छोटी कक्षाओं के बच्चों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं। हालांकि बड़ी कक्षाएं पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही शुरू हो रही हैं। छुट्टियों के चलते आगामी एक सप्ताह तक कम संख्या में बसों के स्कूल टाइम पर चलने से यात्रियों को कुछ राहत मिल सकती है।
न्यू शिमला, टुटीकंडी बाईपास और जिला कचहरी रूट पर अधिक दिक्कत
राजधानी के उपनगर न्यू शिमला और टुटीकंडी बाईपास रोड पर परिवहन व्यवस्था का पूरा जिम्मा एचआरटीसी पर है। स्कूल बसें चलने के बाद यहां बसों कि किल्लत पेश आ सकती है। चक्कर स्थित न्यायिक परिसर के लिए भी यात्रियों को बसों की कमी झेलनी पड़ सकती है।