शिमला। नगर निगम की सोशल जस्टिस कमेटी ने इंजनघर स्थित वर्किंग वूमेन हॉस्टल के बाहर वाहनों की पार्किंग पर बैन लगाने का प्रस्ताव पारित किया है। वाहनों की पार्किंग के चलते हॉस्टल में रहने वाली महिलाओं को असुरक्षा महसूस होने का तर्क देते हुए यह फैसला लिया गया है। शुक्रवार को उपमहापौर टिकेंद्र पंवर की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में बेरोजगारों के लिए स्थायी नीति बनाने का फैसला भी लिया गया। तहबाजारियों को बसाने के लिए बनाए जाने वाले कांप्लेक्स में अन्य लोगों को भी स्थान उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके अलावा यूएस क्लब से सटे बाल शिशु गृह को किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट करने पर भी सहमति बनी। आशियाना टू योजना में ढली में शहरी गरीबों के लिए बनाए गए मकानों के लिए सभी पार्षदों को अपनी सूची देने को कहा गया। इन सभी प्रस्तावों पर नगर निगम के सदन में अंतिम मुहर लगेगी। बैठक में पार्षद कल्याण धीमान, सुषमा कुठियाला, भारती सूद, आयुक्त अमरजीत सिंह, सहायक आयुक्त नरेश ठाकुर तथा शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहेे।
---
पार्किंग बैन होने पर भड़के पार्षद सुशांत
इंजनघर के पार्षद सुशांत कपरेट ने वर्किंग वूमेन हॉस्टल के बाहर पार्किंग को बैन करने के फैसले का विरोध किया है। उन्होंने कहा है कि स्थानीय पार्षद को विश्वास में लिए बिना व्यक्तिगत फैसले थोपे जा रहे हैं। निगम सदन में इसका कड़ा विरोध किया जाएगा। क्षेत्र में पार्किंग की भारी किल्लत है। जनहित में अनशन करने से भी गुरेज नहीं किया जाएगा।