शिमला। कालका-शिमला हैरिटेज ट्रैक पर चलने वाली टॉय ट्रेन की वेटिंग लिस्ट में बड़ा इजाफा हुआ है। पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र टॉय ट्रेन में सफर का मौका न मिलने से मायूसी हाथ लग रही है। बुधवार को शिमला रेलवे स्टेशन और स्कैंडल प्वाइंट स्थित रेलवे टिकट बुकिंग काउंटराें पर सैलानियों का खूब जमावड़ा लगा रहा। वर्ल्ड हैरिटेज की सूची में शामिल कालका-शिमला ट्रैक पर चलने वाली टॉय ट्रेन इन दिनों पैक है। करीब एक सप्ताह से टॉय ट्रेन में रश बढ़ रहा है। काफी संख्या में सैलानी टॉय ट्रेन से कालका से शिमला पहुंच रहे हैं। हालांकि रेलवे प्रबंधन की ओर से सैलानियों की हसरत पूरी करने के लिए दो अतिरिक्त हॉली डे स्पेशल गाड़ियां चलाई जा रही हैं, बावजूद इसके ट्रेनों में भारी रश है। होटलियर एसोसिएशन शिमला के उपाध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने बताया कि कम किराये पर आरामदायक सफर की सुविधा के चलते सैलानी टॉय ट्रेन में सफर को अहमियत दे रहे हैं। ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन पाल ने बताया कि टॉय ट्रेन सैलानियों की पहली पसंद है। टूरिस्ट सीजन के रफ्तार पकड़ने के साथ ही टॉय ट्रेन में सैलानियों का रश भी बढ़ रहा है। टॉय ट्रेन की लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण सैलानी मायूस हो रहे हैं।
-----------------------------------
वेटिंग लिस्ट में इजाफा : विनय
रेलवे स्टेशन कालका के स्टेशन अधीक्षक विनय कुमार ने बताया कि टॉय ट्रेन में सफर करने को लेकर सैलानियों में काफी उत्साह है। टॉय ट्रेन की वेटिंग लिस्ट में भारी इजाफा हुआ है। सैलानियों को हर संभव सुविधा मुहैया करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
-----------------------------------
हॉली डे स्पेशल गाड़ियों की एडवांस बुकिंग नहीं
सैलानियों की सुविधा के लिए कालका-शिमला ट्रैक पर शुरू की गई हॉली डे स्पेशल गाड़ियों के लिए एडवांस बुकिंग सुविधा नहीं है। रेलवे विभाग इन गाड़ियों का संचालन सीमित समय के लिए करता है इसलिए इसे आनलाइन बुकिंग से नहीं जोड़ा है। यात्री करंट बुकिंग ही करवा सकते हैं।