शिमला। शहर में दाखिल होने वाली प्रत्येक गाड़ी की गतिविधि अब कैमरे में कैद हो जाएगी। शहर से बाहर जाने वाली गाड़ी का रिकार्ड भी सीसीटीवी में मौजूद रहेगा। शहर के प्रवेश द्वार शोघी में सीसीटीवी लगाकर पुलिस ने यह व्यवस्था लागू कर दी है। हालांकि फिलहाल यह पुलिस का ट्रायल है। पुलिस को उम्मीद है कि इससे आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। इसके अलावा इस रिकार्डिंग से कई मामलों को हल करने में भी मदद मिलेगी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने कहा कि शोघी में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। अभी ट्रायल पर काम हो रहा है।
वहीं, शहर में भी कई जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनका कंट्रोल पुलिस थानों से है। ये सीसीटीवी कैमरे लोकल बस स्टैंड, बालूगंज चौक, बीसीएस चौक, मालरोड और रिज मैदान पर लगाए गए हैं। अब शहर की बंधित और प्रतिबंधित सड़कों पर भी सत्ताइस कैमरे लगाने की व्यवस्था की जा रही है। संदिग्धों पर नजर रखने के अलावा बिना रूट परमिट से गुजरने वाली गाड़ियां भी कैमरे की नजर में कैद हो जाएंगी। जिन गाड़ियों का रूट परमिट है, उनका डाटा बेस तैयार किया जाएगा। पुलिस आसानी से बिना रूट की गाड़ियों की पहचान कर पाएगी। ओवर स्पीड वाले वाहनों पर भी नजर रखी जा सकेगी।
यही नहीं, इन कैमरों में सात दिन की रिकार्डिंग का प्रावधान है। कैमरों की रिकार्डिंग क्षमता एक महीने की है। पुलिस सहायता कक्ष मालरोड के समीप इन सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। यहां लगाई जाने वाली स्क्रीन में सभी गतिविधियां नजर आती रहेंगी।