शिमला। इस महीने आपकी रसोई में राशन का डबल कोटा तो आएगा ही पर बदले हुए मेन्यू के साथ। किचन में मिलने वाली माश व चने की दाल की जगह मूंग और मलका लेने वाली है। सिविल सप्लाई की दुकानों में उपभोक्ताओं को अब मूंग व मलका की दाल देने का फैसला लिया गया है। 28 मार्च को सिविल सप्लाई के गोदामों में राशन की खेप पहुंच गई है। जिला प्रशासन की ओर से राशन के वितरण के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अप्रैल में उपभोक्ताओं को मूंग, मलका व चने की दाल के साथ मस्टड ऑयल भी दिया जाना है। इतना ही नहीं, पिछले माह राशन का कोटा न दिए जाने के कारण इस माह कोटा भी डबल दिया जाना है। बीते माह समय रहते टेंडर न हो पाने के कारण उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिल पाया था।
अप्रैल में देंगे राशन का डबल कोटा - मल्होत्रा
‘अप्रैल माह में जो उपभोक्ता इच्छुक हों उन्हें राशन का डबल कोटा दिया जाएगा। सिविल सप्लाई के गोदामों में राशन का पूरा कोटा पहुंचा दिया गया है।’
- दिनेश मल्होत्रा
उपायुक्त, शिमला।