शहर की पुलिस चोरों के आगे बेबस
सोलन। शहर की पुलिस चोरों के आगे बेबस साबित होती दिख रही है। पुलिस की मुस्तैदी को मात देने का सिलसिला जारी है। सोमवार को फिर से सेंधमारी की वारदात वार्ड नंबर आठ में हुई है। चोरी हुए सामान का आकलन नहीं हो सका है। प्रभावित सेवानिवृत्त शिक्षिका है। वर्तमान में वे अपने बेटे के पास लखनऊ गई हुई है। पड़ोसियों ने ताले टूटे होने की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस चौकी सोलन प्रभारी तपेंद्र सिंह ने बताया कि महिला से बात की गई तो उसने बताया कि उसने गहने व पैसे घर पर नहीं रखे थे। लेकिन घर पर पड़ा सामान बिखरा था। महिला 21 मार्च तक वापस सोलन आएगी। उसके बाद चोरी के सामान का पता चलेगा। महिला के घर में दो किराएदार भी रहते हैं। पुलिस किराएदारों से भी पूछताछ कर रही है। मात्र दो दिन पहले ही चोरों ने सपरून स्थित गुरूद्वारे से भी करीब 10 हजार रुपये की नकदी उड़ाई थी।