शिमला। माल रोड पहुंचने की डगर अभी भी आसान नहीं। सीटीओ और शिमला क्लब के पास सड़क से रविवार दोपहर बाद तक भी बर्फ नहीं हट पाई है। नगर निगम आफिस के बाहर माल रोड और रिज मैदान की ओर भी बर्फ नहीं हटाई गई है। छोटा शिमला, खलीणी, बीसीएस, कनलोग से माल रोड जाने के लिए रविवार को अधिकांश लोगों ने केएनएच और ओक ओवर सड़क का सहारा लिया। केएनएच की सड़क तो रविवार सुबह ही नगर निगम ने क्रशर सैंड फेंककर दुरुस्त कर दिया लेकिन शिल्ली चौक से लेकर माल रोड तक की सड़क को साफ करने में दिलचस्पी नहीं दिखाई।
शिमला क्लब, क्लार्कस होटल के पास, लिफ्ट के पास और खादी ग्रामोद्योग के पास काफी बर्फ अभी भी जमी है। इस मार्ग से लोग नालियों से होते हुए गए। उधर, चौड़ा मैदान की ओर से माल रोड आने वाले लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एजी चौक, सीटीओ, कॉफी हाउस के पास कोहरा जमा होने से लोग फिसलते हुए माल रोड तक पहुंचे। इसके अलावा रिज मैदान से हालांकि बर्फ को हटाया नहीं गया है लेकिन पैदल चलने लायक मार्ग पर मिट्टी डालकर आवाजाही सुचारु की गई है।
लक्कड़ बाजार मार्ग की हालत तीसरे दिन भी नहीं सुधर पाई है। आईजीएमसी होकर संजौली तक लोग बर्फ में गिरते हुए अपने गंतव्यों तक पहुंचे। स्टेट बैंक, आकलैंड, भराड़ी की ओर जाने वाले लोगों को इन्हीं समस्याओं का सामना करना पड़ा। नगर निगम की भवन एवं मार्ग शाखा के अधिशासी अभियंता संजय गुप्ता ने बताया कि सभी मार्गों को प्राथमिकता पर खोला जा रहा है। माल रोड पर स्नो कटर चलाया गया है।