शिमला। सर! प्लीज इन छेड़खानी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाओ। इन्हें ऐसी सजा दो, जिससे यह दूसरी मर्तबा किसी लड़की को छेड़ने की जुर्रत न कर पाएं। मेरे साथ जो होना था, वह हो गया लेकिन आगे से किसी दूसरी लड़की के साथ न हो। मैं अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं करना चाहती। मुझे विकासनगर जाना था लेकिन निजी बस कंडक्टर की बदतमीजी के कारण मुझे मजबूरी में खलीनी में ही उतरना पड़ा। मैंने विरोध भी किया लेकिन बस में बैठी सवारियां चुप रहीं। आए दिन बसों में महिलाओं और युवतियों से छेड़खानी होती रहती है। सर, आप कुछ कीजिए। सोमवार को डीएसपी ट्रैफिक के मोबाइल नंबर पर एक युवती ने यह शिकायत की। उसने कहा कि परिचालक ने सारी हदें पार कर दीं। इतना ही नहीं, वह उसका मोबाइल नंबर मांगने लगा। सभी यात्री तमाशबीन बने रहे। डीएसपी ट्रैफिक पुनीत रघु ने कहा कि युवती अपनी पहचान नहीं बता रही थी और न ही बस का नंबर बता पाई। लोगों से भी आग्रह है कि इस तरह की वारदात अगर कहीं हो रही हो तो तुरंत पुलिस को सूचना करें या सौ नंबर पर फोन करें। इसके अतिरिक्त शहर में लगभग हर मोड़ पर ट्रैफिक पुलिस तैनात रहती है उन्हें ही बस रोककर मामले की जानकारी दें। आम पब्लिक के सहयोग से पुलिस ऐसे आरोपियों पर नकेल कस पाएगी।