शिमला। शहरी कांग्रेस की कलह अब दूध की तरह उफान मारने लगी है। एक दूसरे के खिलाफ भीतर की बातें बाहर आने लगी हैं। शहर से कांग्रेस प्रत्याशी हरीश जनारथा ने पूर्व विधायक हरभजन सिंह भज्जी, आदर्श सूद जैसे नेताओं पर भितरघात के आरोप लगाए तो बदले में अब ब्लाक कांग्रेस ने भी बड़ा खुलासा किया है। शहरी कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप भुज्जा का कहना है कि सबसे बड़े भितरघाती तो खुद हरीश जनारथा हैं। नगर निगम चुनाव के दौरान इन्होंने कांग्रेस के महापौर और पार्षद प्रत्याशियों के खिलाफ काम किया।
पीसीसी चीफ वीरभद्र सिंह की ओर से संजीव कुठियाला और उनकी पत्नी पार्षद सुषमा के निष्कासन के खिलाफ शिकायत लेकर ब्लाक कांग्रेस के पदाधिकारी दिल्ली में हैं। यहां शहर में भितरघात के आरोपों के बाद ब्लाक कांग्रेस पदाधिकारियों ने दिल्ली से अपनी बात रखी। शहरी कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप भुज्जा, संजीव कुठियाला, धर्मेंद्र शर्मा, जितेंद्र चौधरी व सचिव रंजन भारद्वाज का कहना है कि जनारथा कांग्रेस के प्राथमिक सदस्य तक नहीं हैं। इतना ही नहीं शहरी कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के लिए हुए टिकट आवंटन पर भी सवाल खड़े किए हैं। कहा है कि जनारथा को चुनावों में जोड़-तोड़कर टिकट दिलवाया गया है जबकि उन्हें तो शहर की भौगोलिक स्थिति तक का पता नहीं।
-----------------------------
ब्लाक कांग्रेस के आरोप
हरीश जनारथा की जितनी उम्र है, उससे ज्यादा हरभजन सिंह भज्जी और आदर्श सूद का राजनीतिक तजुर्बा
नगर निगम चुनाव में जनारथा ने किया कांग्रेस पार्टी के महापौर और पार्षद प्रत्याशियों के खिलाफ काम
मालरोड तक सीमित जनारथा की राजनीति, जनता के बीच नहीं पहुंच
पूछा, कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के तहत समिट्री व न्यू शिमला में किसके लिए कर रहे थे प्रचार
अपनी असफलता छिपाने के लिए माहौल बना रहे हैं जनारथा
-----------------------------
‘पार्टी के लोगों पर एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। यह सरासर गलत है। आरोपों को लेकर लोगों को अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाना चाहिए। भितरघात के आरोपों का मामला फैक्ट फाइंडिंग कमेटी को सौंपा जाना चाहिए।
- ठाकुर कौल सिंह
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष