शिमला। हिमाचल सरकार के सचिवालय की सूरत आधुनिक फर्नीचर बदलेगा। राज्य सरकार ने सचिवालय की सभी शाखाओं में माडयूलर फर्नीचर लगाने की पहल की है। इसके लिए विभिन्न फर्नीचर कंपनियों ने ट्रायल के तौर पर तीन कमरों में यह फर्नीचर लगाया। मंगलवार को इन कमरों का दौरा मुख्य सचिव सुदृप्त राय ने किया। उनके साथ प्रधान सचिव वित्त डा. श्रीकांत बाल्दी, प्रधान सचिव कार्मिक मनीषा नंदा, सचिव जीएडी डा. अजय भंडारी समेत करीब सात सेक्रेटरी और थे।
यह आधुनिक फर्नीचर आर्म्सडेल भवन के कमरा नंबर 309 और 325 में स्थापित किया गया है। मंत्रियाें या सचिवों के आफिस के प्रदर्शन के लिए एलर्जली भवन में ट्रायल दिया गया। कंपनियों के दावे के अनुसार यह आधुनिक फर्नीचर जहां कम जगह घेरेगा, वहीं इसमें कंप्यूटर या रोशनी के लिए लगाई जाने वाली तारें अंडरग्राउंड हैं। इसलिए आगजनी का खतरा भी कम होगा। एक पूरी शाखा को नया फर्नीचर लगाने पर 4 से 5 लाख का खर्चा आएगा। यानी प्रति सीट 20 ये 25 हजार की लागत नए फर्नीचर की आएगी। यह काम करोड़ाें का है।
जीएडी एवं एसएडी के सचिव डा. अजय भंडारी का कहना है कि इस फर्नीचर को लगाने के लिए कई चरणों में काम करना होगा। वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता के अनुसार यह काम पूरा होगा। फर्नीचर स्थापित करने से पहले वह सभी कर्मचारी संघों से भी इस बारे में बात करेंगे। इनके सुझावों पर भी गौर किया जाएगा। इसलिए ट्रायल के तौर पर एक निजी स्टाफ और एक शाखा में यह फर्नीचर पहले लगाया गया है, ताकि कर्मचारी इसके बारे में सुझाव दे सकें।