शिमला। शिमला शहर के व्यापारी वर्ग के लिए खुशखबरी है। रविवार को बाजार खुला रहेगा। आप बेफिक्र होकर सामान बेच सकते हैं। धनतेरस और दिवाली के मौके पर जिला प्रशासन की ओर से यह छूट दे दी गई है। अमूमन सप्ताह में एक मर्तबा बाजार बंद रखने का प्रावधान है। शिमला की मार्केट संडे को बंद रहती है। अवकाश वाले दिन दुकान खुली मिलने पर चालान कर जुर्माना लगाया जाता है।
शनिवार को सरकारी अवकाश है। दुकानदारों को अच्छा कारोबार होने की पूरी उम्मीद है। बाजार सजा हुआ है। ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए तरह तरह के आफरों की भरमार है। एक दिन बाद संडे होने के कारण व्यापारियों की चिंता बढ़नी शुरू हो गई थी। अगर बाजार बंद रहता तो त्योहारी सीजन मेें उन्हें काफी नुकसान झेलना पड़ सकता था। धनतेरस रविवार को है। इस दिन लोग खूब खरीददारी करते हैं। त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रशासन ने नियमों में ढील बरत कर कारोबारियों और ग्राहक दोनों का ध्यान रखा है।
‘त्योहारी सीजन को देखते हुए रविवार को बाजार खुला रखने की छूट दी गई है। अगर किसी ग्राहक को कोई शिकायत हो तो वह सीधे जिला प्रशासन को लिख कर दे सकता है’ -डा. नरेश कुमार लट्ठ, एडीएम लॉ एंड आर्डर