Paris Olympics 2024 Who Is Shivani Pawar Wrestler: भले ही वजन के कारण विनेश फोगाट पेरिस ओलंपिक 2024 के फाइनल से पहले ही बिना स्पर्धा के बाहर कर दी गईं लेकिन भारत में हुए क्वालिफाईंग राउंड में उनकी प्रतिद्वंदी के साथ भी ऐसा ही हुआ था। वह योग्य थीं लेकिन उनकी जगह तरजीह विनेश फोगाट को दी गई। इस महिला पहलवान की कहानी भी विनेश फोगाट से कम नहीं। आइए जानते हैं शिवानी पवार के बारे में जो ओलंपिक जा सकती थीं लेकिन उन्हें ये मौका ही नहीं मिल पाया।
कौन हैं शिवानी पवार?
शिवानी पवार राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियन हैं। वह मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के गांव उमरेठ की रहने वाली हैं। शिवानी के नाम कुश्ती में कई उपलब्धियां हैं। एशियाई चैंपियनशिप में शिवानी ने तीन बार की विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता पहलवान को हराकर पदक अपने नाम किया था। किर्गिस्तान के बिश्चेक में हुई एशियाई महिला कुश्ती चैंपियनशिप में उन्होंने 50 किग्रा वर्ग में भारत के लिए कांस्य पदक जीता था।
शिवानी क्यों नहीं पहुंची ओलंपिक तक
हालांकि इसके बाद भी उन्हें ओलंपिक में जाने का मौका नहीं मिला। विनेश फोगाट की तरह शिवानी भी 50 किग्रा वर्ग में ही खेलती हैं। हालांकि ओलंपिक में भारत के प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी विनेश फोगाट को दी गई। शिवानी बीते तीन साल से ओलंपिक की तैयार कर रही थीं। ओलंपिक जाने से चूकी शिवानी ने ट्रायल्स की प्रक्रिया पर चर्चा करते हुए कहा, नियमों के हिसाब से ट्रायल्स के माध्यम से चयन होता तो कुश्ती में स्वर्ण पदक देश की झोली में होता।
शिवानी कहती हैं, कि वह किसी विवादों में पड़ना नहीं चाहती हैं। उन्हें अपने खेल पर फोकस करना है। हालांकि विनेश के अयोग्य करार होने से उन्हें भी दुख है। उन्होंने सिस्टम के हिसाब से चयन किए जाने की बात कही ताकि इस तरह की स्थिति न बने।
शिवानी ने दर्ज कराई शिकायत
बता दें कि भारत में ओलंपिक को लेकर हुए चयन मुकाबले के दौरान नियमों को दरकिनार करते हुए 50 किग्रा वजन की स्पर्धा को चार घंटे रोक दिया गया था। जब शिवानी ने इसका विरोध किया तब जाकर मुकाबला हुआ। हालांकि पांच अंक आगे रहने के बावजूद शिवानी को कम अंक मिले और विनेश को विजेता घोषित कर ओलंपिक भेज दिया गया। शिवानी ने उनके खिलाफ हुए अन्याय की शिकायत भारतीय कुश्ती संघ व भारतीय ओलंपिक संघ में दर्ज कराई है।