एनडीए से पहली बार स्नातक हुईं महिला कैडेट श्रीति दक्ष बनी आर्ट्स स्ट्रीम की टाॅपर
- फोटो : अमर उजाला प्रिंट
NDA Arts Stream Topper Shriti Daksh: जब भी बात देश की सुरक्षा और सैन्य बलों की होती है तो अधिकतर चेहरों में पुरुषों की ही छवि उभरती है। लेकिन अब यह तस्वीर तेजी से बदल रही है। नारी शक्ति आज हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ रही है। चाहे फाइटर प्लेन उड़ाना हो या राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) में सर्वोच्च स्थान हासिल करना हो, महिलाओं ने अपने हर क्षेत्र में अपना स्थिति को मजबूत कर लिया है। हाल ही में एनडीए की 148वीं पासिंग आउट परेड संपन्न हुई, जिसमें 17 लड़कियों ने भाग लेकर इतिहास रच दिया है। श्रीति दक्ष ने इस बैच में आर्ट्स स्ट्रीम से टॉप किया है। यह सफलता उन सभी लड़कियों के लिए प्रेरणा है, जो भारतीय सशस्त्र बलों का हिस्सा बनना चाहती हैं। श्रीति दक्ष ने साबित कर दिया कि देश की रक्षा की अगली पंक्ति में अब बेटियां भी मजबूती से खड़ी हैं। आइए जानते हैं एनडीए की आर्ट्स स्ट्रीम में टॉप करने वाली पहली महिला कैडेट श्रीति दक्ष के बारे में।
श्रीति दक्ष के नाम ऐतिहासिक उपलब्धि
श्रीति दक्ष ने न केवल एनडीए जैसे कठिन सैन्य प्रशिक्षण संस्थान में प्रवेश लिया, बल्कि आर्ट्स स्ट्रीम में टॉप कर इतिहास रच दिया। यह पहली बार हुआ है जब किसी महिला कैडेट ने इस प्रतिष्ठित संस्थान में अकादमिक क्षेत्र में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया हो। उनका यह प्रदर्शन इस बात का प्रतीक है कि महिलाएं न केवल बराबरी की हकदार हैं, बल्कि उत्कृष्टता में भी पीछे नहीं हैं।
अपनी उपलब्धि पर श्रीति का कहना है, सैन्य प्रशिक्षण और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाए रखना मेरे लिए एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन पहले टर्म से लेकर आखिरी टर्म तक मैंने यह संतुलन बनाए रखा। इसी समर्पण ने मुझे अकादमिक रूप से आगे बढ़ने में मदद की।
महिलाओं को सशक्त बनाने की एक पहल
सुप्रीम कोर्ट ने 18 अगस्त, 2021 को पहली बार लड़कियों के लिए एनडीए में शामिल होने के दरवाजे खोले थे। 2022 में एनडीए के 148वें पाठ्यक्रम में पहली बार बेटियों का चयन हुआ। 17 स्नातक महिला कैडेट्स में श्रीति दक्ष प्रथम स्थान पर रहीं तो वहीं इशिता सांगवान, हरसिमरन कौर और रितुल दुहन जैसी बेटियांं भी नारी शक्ति का नया चेहरा बनकर उभरीं। आने वाले दिनों में ये भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना का हिस्सा बनकर अफसर बनेंगी।