स्कूल या कॉलेज जाने वाली लड़कियों के साथ छेड़खानी की घटनाएं ज्यादातर शहरों में आम हैं। देखा गया है कि ज्यादातर लड़कियां चुपचाप इसे सहती रहती हैं। वहीं कुछ लड़कियां इसके खिलाफ आवाज उठाती हैं और उन लड़कों की शिकायत पुलिस में कर हवालात की सजा भी दिलाती हैं जो उन्हें सड़कों पर आए दिन छेड़ते रहते हैं। ऐसी ही एक लड़की की हिम्मत की एक घटना पिछले दिनों मेरठ शहर में देखने को मिली जहां एक स्कूल में पढ़ने वाली लड़की ने शहर के सदर बाजार क्षेत्र में अपने साथ छेड़खानी का विरोध करते हुए सबके सामने उस लड़के और उसके दोस्तों की पिटाई की।
ये लड़की और उसकी सहेलियां रोज की तरह सदर बाजार से गुजर रहीं थी। तभी लड़का अपने दोस्त के साथ मोटर साईकिल पर पहुंचा और उसे छेड़ने लगा। लड़की ने हिम्मत दिखाते हुए जोर से चिल्लाते हुए लड़के से कहा कि मुझे छेड़ने की हिम्मत कैसे हुई? इतना कहने के बाद उसने लड़के को डंडे से मारा। पुलिस से शिकायत में लड़की ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से ये लड़का और उसके दोस्त मुझे और मेरी सहेलियों को परेशान कर रहे थे। वे सड़क पर हमारे साथ चलते हुए हमसे फोन नंबर मांगते थे। लड़की को मारते हुए देखकर लड़के ने उससे माफी मांगी और फिर कभी छेड़खानी न करने का वादा भी किया। हालांकि लड़कियों में पुलिस में शिकायत की और इन शोहदों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसकी जानकारी ट्वीट पर भी पुलिस ने दी।