अरुणाचल प्रदेश के छोटे से कस्बे की रहने वाली मीना पेशे से एक सरकारी टीचर हैं। जिन्होंने अपने घर के पास स्ट्रीट लाइब्रेरी खोल रखी है। साथ ही पाठकों के बैठने की भी आसपास व्यवस्था कर रखी है। जिससे कि लोग आसानी से बैठकर अपनी मनचाही किताब को पढ़ सकें। आजकल सोशल मीडिया पर मीना का ये कॉन्सेप्ट काफी पसंद किया जा रहा है। वहीं उनको लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया भी मिल रही है।
इस स्ट्रीट लाइब्रेरी की खास बात है कि इसे खुले महज अभी एक महीना ही हुआ है। वहीं खुले में रखीं इन किताबों को किसी ताले में नहीं रखा जाता। लेकिन इन किताबों को कोई चोरी नहीं करता। बस सब पढ़कर उसे उसी स्थान पर वापस रख देते हैं। मीना को इस स्ट्रीट लाइब्रेरी का आइडिया मिजोरम की मिनी वे साइड से मिला। जिसके बाद उन्होंने अपने दोस्त दीवांग होसाई के साथ मिलकर इसे बनाया। इस लाइब्रेरी को पाठकों का प्यार मिल रहा है। ज्यादातर महिलाएं और किशोर उम्र के बच्चे यहां पढ़ने के लिए आते हैं।