प्रशासनिक सेवा में महिला अफसरों की भूमिका और योगदान बढ़ रहा है। ये महिलाएं अपनी कड़ी मेहनत से देश की उच्च पदों तक पहुंच गईं, वहीं अपनी लगन से राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्यरत हैं। इन दिनों एक महिला अफसर का नाम सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। आईएएस शैलबाला मार्टिन 56 साल की उम्र में शादी करने जा रही हैं। शैलबाला की शादी 57 साल के पत्रकार डॉ राकेश पाठक से हो रही है। शादी को लेकर दोनों परिवारों की मर्जी है। लोग आईएएस शैलबाला मार्टिन और उनके होने वाले पति राकेश पाठक को शादी की बधाईयां दे रहे हैं। शुभकामनाओं का सिलसिला सोशल मीडिया पर भी जारी है। आईएएस शैलबाला मार्टिन की लव लाइफ भले ही इन दिनों सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रही हैं लेकिन क्या आप जानते हैं कि शैलबाला का आईएएस बनने का सफर कैसा था? उनकी निजी और प्रोफेशनल लाइफ कैसी है? आगे जानें आईएएस शैलबाला मार्टिन के बारे में।
आईएएस शैलबाला मार्टिन का जीवन परिचय
भारतीय प्रशासनिक सेवा में कार्यरत महिला अफसर शैलबाला मार्टिन मूल रूप से मध्य प्रदेश के इंदौर जिले की रहने वाली हैं। वह साल 2009 बैच की एमपी कैडर की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं। वर्तमान में शैलबाला मार्टिन सामान्य प्रशासन विभाग में एडिशनल सेक्रेटरी के पद पर पदस्थ हैं। इसके पहले शैलबाला मार्टिन एमपी सरकार में कई पदों पर पदस्थ रह चुकी हैं। बुरहानपुर में भी वह नगर निगम कमिश्नर भी रह चुकी हैं।
शैलबाला मार्टिन का निजी जीवन
आईएएस शैलबाला मार्टिन वर्तमान में अविवाहित हैं। उनकी शादी पत्रकार राकेश पाठक से हो रही है, जो उम्र में शैलबाला से एक साल बड़े हैं। वहीं पत्रकार राकेश पाठक की यह दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी से राकेश पाठक को दो बेटियां हैं।