Smriti Mandhana Achievement: विराट कोहली और रोहित शर्मा की तरह ही क्रिकेट प्रेमियों के लिए स्मृति मंधाना और मिताली राज भी लोकप्रिय नाम हैं। हाल के कुछ वर्षों में महिला क्रिकेट टीम ने अपना वही स्थान और पहचान बना ली है, जैसा पुरुष क्रिकेट टीम का है।
महिला क्रिकेट टीम की मेहनत ने उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां दिलाईं। महिला खिलाड़ियों में स्मृति मंधाना का नाम शामिल है। स्मृति मंधाना पिंक बॉल टेस्ट मैच में शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर हैं। वह दुनिया की सबसे महंगी महिला खिलाड़ियों की लिस्ट में भी शामिल हैं।
18 जुलाई को स्मृति मंधाना अपना 28वां जन्मदिन मना रही है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की इस दिग्गज खिलाड़ियों के नाम कई उपलब्धियां हैं, जिनके बारे में इस लेख के माध्यम से जानिए।
स्मृति मंधाना का जीवन परिचय
बाएं हाथ की बल्लेबाज स्मृति मंधाना भारत की राष्ट्रीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी हैं। 2017 महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में मंधाना ने दो शतक लगाए थे। स्मृति मंधाना का जन्म 18 जुलाई 1996 को मुंबई में हुआ था। उनके पिता का नाम श्रीनिवास और माता का नाम स्मिता है। उन का एक भाई है, जिसका नाम श्रवण मंधाना है। मंधाना जब दो साल की थीं तो उनका पूरा परिवार सांगली के माधव नगर में शिफ्ट हो गया।
स्मृति मंधाना की शिक्षा
माधवनगर में ही शुरूआती शिक्षा लेने वाली स्मृति को बचपन से ही खेल में रुचि थी। शुरुआत में भाई के साथ क्रिकेट खेला करती थीं। मंधाना के भाई अंडर 15 टीम में खेलते थे। भाई की राह और अपनी रुचि को करियर बनाने का फैसला लेते हुए स्मृति मंधाना ने क्रिकेट को प्रोफेशनली खेलना शुरू किया और महज 11 साल की उम्र में स्मृति मंधाना का अंडर 19 टीम में सिलेक्शन हो गया।
स्मृति मंधाना का करियर
मंधाना ने साल 2013 में घरेलू मैच में शानदार प्रदर्शन किया। एक दिवसीय मैच में दोहरा शतक लगाने वाली वह पहली महिला खिलाड़ी बन गईं। 2016 में इंडिया रेड की तरफ से वूमेन चैलेंजर ट्रॉफी के लिए तीन अर्धशतक लगाए।
स्मृति मंधाना की उपलब्धियां
- स्मृति मंधाना को 2018 में आईसीसी महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर और आईसीसी महिला वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें उनके शानदार प्रदर्शन और उत्कृष्ट बल्लेबाजी कौशल के लिए दिया गया।
- मंधाना ने 2018 के आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने टूर्नामेंट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए और अपने आक्रामक और धुआंधार बल्लेबाजी से टीम को महत्वपूर्ण जीत दिलाई।
- उन्होंने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 2000 रन बनाने वाली भारतीय महिला खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड स्थापित किया। उन्होंने इस उपलब्धि को केवल 51 पारियों में हासिल किया, जो महिला क्रिकेट में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
- स्मृति मंधाना को 2019 में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सर्वोच्च सम्मान, बेलिंडा क्लार्क अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उन्हें महिला बिग बैश लीग और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया।