पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की रहने वाली सरिता पटेल एक ऐसी महिला हैं, जिन्होंने किसी भी तरह की परिस्थिति में हार मानना नहीं सीखा। सरिता को बचपन से ही डांस और एक्टिंग में बहुत रुचि थी। बचपन से ही मंच पर अभिनय करना और फिल्मों तथा नाटकों में काम करना उनका सपना था। हालांकि उनके सपने उस समय अधूरे रह गए, जब उनकी शादी मात्र 16 वर्ष की उम्र में हो गई।
सरिता कहती हैं, “उस दौर में समाज और परिवार की सोच ऐसी थी कि लड़कियों का प्राथमिक कर्तव्य परिवार और घर की देखभाल करना माना जाता था।” इसी सोच के कारण सरिता को भी शादी के बाद सपनों को पीछे छोड़ पारिवारिक जिम्मेदारियों को संभालना पड़ा। फिर भी, उनके दिल में हमेशा एक जज्बा रहा कि वह अपने सपनों को पूरा करेंगी।
शादी के 13 वर्ष बाद एक नया अवसर उनके जीवन में आया, जब उन्होंने सोनी सब चैनल पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम ‘हैप्पी हाउसवाइव्स क्लब’ में भाग लिया। इस शो ने सरिता को नई पहचान दिलाई और अपनी प्रतिभा को प्रस्तुत करने का मौका दिया। यह उनके कॅरिअर की शुरुआत की ओर बढ़ता पहला कदम था। ‘हैप्पी हाउसवाइव्स क्लब’ से मिले अनुभवों ने उन्हें असली मंजिल की ओर बढ़ने का आत्मविश्वास दिया।
सरिता कहती हैं, “मेरे लिए यह केवल टीवी शो नहीं था, बल्कि एक ऐसी चुनौती थी, जिसमें मैंने अपनी इच्छाशक्ति और मेहनत से साबित किया कि उम्र और परिस्थिति कभी भी सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बनतीं, अगर आपमें हौसला हो।” इस शो ने उन्हें कैमरे के सामने काम करने, स्क्रिप्ट पढ़ने और अभिनय को बेहतर बनाने के महत्वपूर्ण कौशल सिखाए। इस अनुभव के बाद वह बॉलीवुड फिल्मों और अन्य रियलिटी शोज में काम करने के लिए प्रेरित हुईं।
इस दौरान उन्होंने महुआ टीवी पर आने वाले एक रियलिटी शो में भी भाग लिया। सरिता कहती हैं, “मैं अच्छा प्रदर्शन कर रही थी और सबको मेरे फाइनल में पहुंचने की उम्मीद थी। मैं भी पूरी मेहनत कर रही थी, लेकिन उसी दौरान मेरे परिवार में एक करीबी की मृत्यु हो गई और मैं शो बीच में ही छोड़कर वापस आ गई। उसकी कसक मन में थी, लेकिन परिवार मेरे लिए सबसे पहले था। उसके बाद एक दिन अचानक मुझसे एक डायरेक्टर ने संपर्क किया। उन्होंने बतााया कि उस रियलिटी शो में उन्हें मेरी पर्सनालिटी अच्छी लगी और वह अपनी फिल्म ‘इश्क क्लिक’ में मुझे काम देना चाहते हैं। उस फिल्म में मैंने काम किया और उसके बाद से लगातार फिल्मों तथा वेब सीरीज में काम कर रही हूं।”
सरिता का अभिनय कॅरिअर छोटे टीवी शो से शुरू हुआ, लेकिन समय के साथ उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों और कई रियलिटी शोज में भी प्रतिभा का परिचय दिया। हर भूमिका ने उन्हें नई सीख दी और अभिनय कौशल को निखारा। सरिता ने हर भूमिका को पूरी गंभीरता से निभाया और मेहनत तथा समर्पण से काम किया।
वह कहती हैं, “परिवार और कॅरिअर, दोनों को साथ लेकर चलना संभव है। हां, थोड़ी परेशानियां-कठिनाइयां आती हैं, लेकिन अगर हर चुनौती का सामना धैर्य और मेहनत से किया जाए तो अंत में आपको वो मुकाम हासिल होता है, जो आप चाहती हैं।” सरिता के कॅरिअर में परिवार ने हमेशा उनका सहयोग और समर्थन किया। यही समर्थन उनके लिए सबसे बड़ी ताकत बना। डांस और एक्टिंग का उनके बचपन का शौक आज उनके कॅरिअर का हिस्सा बन चुका है।