Bihar Girls Alka Singh and Khushi Yadav Won Gold in Khelo India : खेलों की दुनिया में बिहार की बेटियों ने कमाल कर दिखाया है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में बिहार की दो होनहार बेटियों अल्का सिंह और खुशी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ये जीत सिर्फ खेल प्रतियोगिता में सफलता नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का क्षण है। इनकी मेहनत, लगन और जज्बा हर युवा खिलाड़ी के लिए प्रेरणा है। उनकी सफलता ने न सिर्फ राज्य का मान बढ़ाया है, बल्कि अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी नई राह खोली है। आइए जानते हैं बिहार की बेटियों अल्का सिंह और खुशी यादव के बारे में।
खुशी यादव ने जीता स्वर्ण
बिहार की खुशी यादव ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में 2000 मीटर स्टीपलचेज में स्वर्ण पदक हासिल किया। शानदार प्रदर्शन करते हुए खुशी ने 9:52.10 के समय में जीत दर्ज की। दो लैप बाकी रहते ही वह बाकी धाविकाओं से आगे निकल गईं। खुशी यादव ने अपने इवेंट में जबरदस्त दौड़ लगाई और विरोधियों को पीछे छोड़ते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। उनकी फुर्ती और स्टैमिना ने उन्हें प्रतियोगिता की स्टार बना दिया। यह बिहार की एथलेटिक्स में दूसरा स्वर्ण पदक रहा। इससे पहले अल्का सिंह ने शॉट पुट में राज्य को पहला स्वर्ण पदक दिलाया था।
कौन हैं अल्का सिंह
अल्का सिंह खेलो इंडिया यूथ गेम्स में एथलेटिक्स में शॉट पुट में स्वर्ण पदक जीतने वाली बिहार की पहली एथलीट हैं। उन्होंने पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में एथलेटिक्स के अंडर-18 शॉटपुट में 14.73 मीटर की थ्रो के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी ताकत, तकनीक और आत्मविश्वास ने उन्हें एक चमकदार खिलाड़ी के रूप में सामने लाया है।
उन्होंने इससे पहले साल 2024 में खेलो इंडिया की अस्मिता लीग में भी स्वर्णिम सफलता हासिल की थी। अलका सिंह बिहार के सीवान जिले की रहने वाली हैं। वह अपने कोच पदम गिरी के मार्गदर्शन में पिछले तीन साल से ट्रेनिंग कर रही है।